‘Beyond The Class Room’ और ‘Dreamers-15’ पहल के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीति, साक्षात्कार के अनुभव और समय प्रबंधन पर मिला मार्गदर्शन, मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित।

बैकुंठपुर, कोरिया/सुनील शर्मा। कोरिया कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव की अभिनव शिक्षा पहल “Beyond The Class Room” और “Dreamers-15” जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित हो रही है। इसी पहल से प्रेरित होकर बैकुंठपुर स्थित AISECT कॉलेज में करियर मार्गदर्शन एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से लेकर सफलता के व्यावहारिक सूत्र विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
कार्यक्रम में जिला आबकारी अधिकारी रमेश अग्रवाल एवं श्रम अधिकारी सुश्री तनुजा माझी ने अपने CGPSC चयन और साक्षात्कार के अनुभव साझा करते हुए बताया कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने की सलाह दी।

इस अवसर पर हाल ही में चयनित आबकारी उप निरीक्षक अभिषेक कमल और सूरज के साथ आरक्षक महबूब आलम एवं परवीन यादव ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी ‘जनमन’ पत्रिका एवं ‘सुशासन संकल्प’ का वितरण किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
OMR शीट पर हुई सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता

विद्यार्थियों की वास्तविक तैयारी का आकलन करने के लिए UPSC, CGPSC, व्यापम और बैंकिंग परीक्षाओं के स्तर पर आधारित 100 बहुविकल्पीय प्रश्नों की परीक्षा आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने विशेष OMR शीट पर उत्तर दर्ज किए। इस अभ्यास के लिए आवश्यक OMR शीट की विशेष व्यवस्था जिला आबकारी अधिकारी रमेश अग्रवाल द्वारा की गई थी, ताकि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं जैसा वास्तविक अनुभव मिल सके।
इन विद्यार्थियों ने जीते पुरस्कार
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया—
🥇 प्रथम – उर्मिला टोप्पो
🥈 द्वितीय – वर्षा यादव
🥉 तृतीय – पूर्णिमा राजवाड़े
चतुर्थ – रितेश कुमार
पंचम – अनीक सिंह
देशभक्ति गीतों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान बैकुंठपुर के युवा गायक सचिन गुप्ता ‘डिम्मी’ ने देशभक्ति एवं प्रेरणादायक गीतों की प्रस्तुति दी। उनके गीतों पर पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से नीलेश सोनी, प्रशांत राजवाड़े एवं अरविन्द मिश्रा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी शासकीय महाविद्यालयों में ऐसे करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।
Author: Man Tantra 24









