Mantantra24

चरित्रहनन और झूठी खबर प्रकाशित करने का आरोप, महिला ने एसडीओपी, डीईओ और कलेक्टर से की निष्पक्ष जांच की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रेशमी यादव ने न्यूज पोर्टल पर भ्रामक समाचार और वीडियो प्रकाशित करने का आरोप लगाया। आवेदन में नाबालिग छात्रों को प्रभावित कर बयान दिलवाने, मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की शिकायत करते हुए उच्च स्तरीय जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की।

वाड्रफनगर,बलरामपुर/रामहरि गुप्ता | ग्राम कोटराही निवासी रेशमी यादव ने अपने विरुद्ध कथित रूप से झूठी एवं भ्रामक खबर प्रकाशित कर चरित्रहनन करने, मानसिक प्रताड़ना देने तथा नाबालिग छात्र-छात्राओं को प्रभावित कर बयान दिलवाने का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को विस्तृत शिकायत आवेदन सौंपा है। महिला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

रेशमी यादव ने पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) वाड्रफनगर, जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) बलरामपुर तथा कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज को दिए गए आवेदन में बताया कि उनका विवाह 7 जुलाई 2026 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विधिवत संपन्न हुआ है। इसके बावजूद एक न्यूज पोर्टल पर उनके संबंध में कथित रूप से असत्य, भ्रामक और मानहानिकारक समाचार एवं वीडियो प्रकाशित किए गए, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ-साथ वैवाहिक जीवन भी प्रभावित हुआ है।

शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पति द्वारा पूर्व में सूचना के अधिकार (RTI) के तहत आवेदन देने तथा विभागीय शिकायतें किए जाने के कारण कुछ लोगों ने दुर्भावनावश उनके विरुद्ध सुनियोजित षड्यंत्र रचा। आवेदन के अनुसार विद्यालय में अध्ययनरत नाबालिग छात्र-छात्राओं को कथित रूप से प्रभावित कर उनके बयान रिकॉर्ड कराए गए और उन्हीं बयानों के आधार पर समाचार एवं वीडियो प्रकाशित किए गए।

महिला ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, सभी डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

रेशमी यादव ने अपने आवेदन के साथ विवाह संबंधी दस्तावेज, पूर्व में की गई शिकायतों की प्रतियां, प्रकाशित समाचार एवं वीडियो का विवरण, कॉल रिकॉर्डिंग सहित अन्य दस्तावेज भी संलग्न किए हैं।

फिलहाल मामले में संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायत प्राप्त कर जांच की प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अथवा जांच के निष्कर्ष अभी सामने नहीं आए हैं। महिला ने प्रशासन से अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा, सुरक्षा एवं निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।

Man Tantra 24
Author: Man Tantra 24

Leave a Comment

और पढ़ें