दुवगवां में पीसीसी सड़क निर्माण में अनियमितता के आरोप, जांच की मांग तेज
मऊगंज/प्रकाश द्विवेदी। जनपद पंचायत नईगढ़ी अंतर्गत ग्राम पंचायत जिलाहड़ी के दुवगवां में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में वित्तीय गड़बड़ी और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामविलास द्विवेदी के घर से बृजकांत द्विवेदी के घर तक 100 मीटर पीसीसी सड़क निर्माण के लिए पंच परमेश्वर योजना से 3 लाख 43 हजार रुपये तथा मनरेगा के माध्यम से रोजगार सहायक के मास्टर रोल से 51 हजार रुपये खर्च किए गए। इस प्रकार सड़क निर्माण पर कुल 4 लाख रुपये की राशि व्यय होना बताया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी राशि खर्च होने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य अधूरा और संदिग्ध है। आरोप यह भी लगाया गया है कि निर्माण के लिए बृजकांत द्विवेदी से अतिरिक्त 16 हजार 500 रुपये नगद लिए गए।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, सड़क का लगभग 30 से 40 मीटर हिस्सा पूर्व सरपंच पूनम सिंह जिलाहड़ी के कार्यकाल में बनाया गया था, जबकि शेष 50 से 60 मीटर सड़क का निर्माण वर्तमान सरपंच और सचिव की मिलीभगत से कराया गया है।
ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नईगढ़ी से की थी, लेकिन अब तक जांच नहीं होने का आरोप लगाया है। इसके बाद मामले की शिकायत कलेक्टर कार्यालय मऊगंज में भी की गई है।
अब देखना होगा कि मऊगंज कलेक्टर श्री संजय जैन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं और सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं की जांच कब तक पूरी होती है।
Author: Man Tantra 24










