कोरिया आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब के 69 मामले न्यायालय में प्रस्तुत, 12 तस्कर भेजे गए जेल
बैकुंठपुर/सुनील शर्मा। कलेक्टर कोरिया रोक्तिमा यादव के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी रमेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के परिवहन, बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग ने अवैध शराब से जुड़े 69 प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए हैं, जबकि 12 शराब तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
आबकारी नियंत्रण कक्ष को मिली सूचना के आधार पर ग्राम मधिया थाना सोनहत के पुष्पा, देव कुमार रजवार, विपलसोमनाथ रजवार और दीपक धर्मपाल के खिलाफ अवैध मदिरापान की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया।

इसके अलावा –
ग्राम धुरिया थाना पटना के देवचारी जायसवाल एवं ग्राम अंगा के दिगम्बर लाल नाई तथा उनके पिता के खिलाफ अवैध मदिरा पान कराने के मामले में कार्रवाई की गई।
जमगढ़ना के संतोष श्रीराम और पुटा के मंगल सोमरसाय पर अवैध शराब गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
कटोलीपारा के सुशील राजवाड़े, ग्राम बुड़ार के कृष्ण कुमार और ग्राम तरई के राघव बेंदु पर भी आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
जिले में संचालित हैं 7 शराब दुकानें
कोरिया जिले में छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन द्वारा 7 शराब दुकानों का संचालन किया जा रहा है। बैकुंठपुर में प्रीमियम और तलवापारा दुकान के अलावा पटना, चिरमिरी, पोड़ी, सोनहत सहित अन्य क्षेत्रों में शराब दुकानें संचालित हैं। दुकानों का संचालन प्लेसमेंट एजेंसी टीम एचआरजीएस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से किया जा रहा है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था फर्स्ट चॉइस फैसिलिटी कंपनी के जिम्मे है।
मोबाइल ऐप से मिलेगी शराब की पूरी जानकारी
आबकारी विभाग ने बताया कि दुकानों में उपलब्ध शराब के स्टॉक, बोतल, अद्धी और पाव की जानकारी अब ‘मनपसंद ऐप’ पर ऑनलाइन उपलब्ध है। इस ऐप के जरिए उपभोक्ता राज्य की किसी भी शराब दुकान में उपलब्ध देसी और विदेशी मदिरा, व्हिस्की, रम, जिन, ब्रांडी, वोडका, वाइन, रेडी-टू-ड्रिंक और बीयर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
शिकायत के लिए जारी किए गए नंबर
विभाग ने आम नागरिकों से अवैध शराब की सूचना देने और मिलावटी शराब की शिकायत करने की अपील की है। इसके लिए टोल फ्री नंबर 14405 और व्हाट्सएप नंबर 9424102102 जारी किया गया है। शिकायत मिलने पर विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करने का दावा किया गया है।
Author: Man Tantra 24










