राम मंदिर दान चोरी मामले पर बोले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, कहा- “जिन्होंने भगवान को नहीं छोड़ा, वे हमें क्या छोड़ेंगे”
अयोध्या। राम मंदिर के दान पात्र से चोरी के मामले को लेकर देशभर में चर्चा जारी है। इस बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक और बयान सामने आया है, जो अब सुर्खियों में है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि इस घटना के बाद उनसे लगातार पूछा जा रहा है कि वह इस मुद्दे पर मौन क्यों हैं। उन्होंने कहा, “यह बात चलाई गई कि बागेश्वर बाबा चुप हैं, कुछ नहीं बोल रहे। अब क्या ही बोलें? जिन्होंने भगवान को नहीं छोड़ा, वे हमें क्या खाक छोड़ेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि लोग उनसे यह भी पूछ रहे हैं कि वह ‘पर्ची’ खोलकर आरोपियों का नाम क्यों नहीं बता देते। इस पर उन्होंने कहा, “अगर हमने पर्ची खोलकर नाम बता दिया तो वे हमें ही निपटा देंगे। आज नहीं तो कल निपटा देंगे। फिर हम दूसरों के नाम ही नहीं बता पाएंगे। इसलिए चुप रहने में ही फायदा है।”
इससे पहले भी आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने राम मंदिर में दान की चोरी करने वालों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि भगवान के घर में इस तरह का कृत्य करने वालों को महादंड मिलेगा। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया था कि मंदिर व्यवस्था की जिम्मेदारी संत परंपरा से जुड़े लोगों को सौंपी जानी चाहिए।
राम मंदिर दान चोरी मामले को लेकर राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में बहस तेज हो गई है। वहीं, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का यह बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
Author: Man Tantra 24










