Mantantra24

5 नए मेडिकल कॉलेजों की मान्यता पर नहीं कोई संकट, एनएमसी ने सिर्फ बताई थीं कमियां : डॉ. विजय शंकर मिश्रा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बोले – भवन और उपकरण संबंधी कमियां दूर करने में जुटी सरकार, कांग्रेस फैला रही भ्रम

रायपुर/सुनील शर्मा। राज्य के पांच नए मेडिकल कॉलेजों की मान्यता को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) द्वारा कॉलेजों की मान्यता पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है और सभी पत्राचार नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि दिसंबर माह में एनएमसी की निरीक्षण टीम ने नए मेडिकल कॉलेजों का दौरा किया था, जिसमें भवन, उपकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कुछ कमियां चिन्हित की गई थीं। राज्य शासन को इन कमियों की जानकारी पहले से थी और उन्हें दूर करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नए मेडिकल कॉलेजों के निरीक्षण के दौरान इस प्रकार की आपत्तियां और सुझाव सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं। बुधवार को एनएमसी द्वारा जारी पत्र में भी केवल कमियों का उल्लेख कर उन्हें सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में यह कहना कि मेडिकल कॉलेजों की मान्यता पर रोक लगा दी गई है, पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अभी नीट परीक्षा की काउंसलिंग प्रक्रिया भी शुरू नहीं हुई है, इसलिए मान्यता रद्द होने या प्रवेश पर रोक जैसी बातें निराधार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अधूरी जानकारी के आधार पर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जबकि कांग्रेस इसे लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा कर रही है।

Man Tantra 24
Author: Man Tantra 24

Leave a Comment

और पढ़ें