बिग- ब्रेकिंग: पेंड्रा में ऑटो में शव ले जाने की खबर का बड़ा असर; स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने शव वाहन कंपनी का टेंडर किया निरस्त
ऑटो में शव ले जाने की घटना पर सरकार का बड़ा एक्शन; स्वास्थ्य मंत्री बोले- “संवेदनहीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं”
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।अमित जायसवाल / जिला चिकित्सालय से सामने आई अमानवीय घटना और0 मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद आखिरकार सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव वाहन नहीं मिलने से परिजनों को मृत युवक का शव ऑटो में पैर लटकाकर घर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ा था। इस शर्मनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। अब मामले में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कड़ी कार्रवाई करते हुए शव वाहन उपलब्ध कराने वाली कंपनी का टेंडर निरस्त कर दिया है।

स्वास्थ्य मंत्री के इस फैसले को सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना की गंभीरता और लगातार उठ रहे सवालों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल रिपोर्ट तलब की थी। प्रारंभिक जांच में सेवा प्रदाता कंपनी की लापरवाही सामने आने पर यह बड़ा फैसला लिया गया।
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला चिकित्सालय में एक 22 वर्षीय युवक का पोस्टमार्टम होने के बाद उसके परिजनों ने निशुल्क 1099 शव वाहन सेवा की मांग की थी। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी ने न तो फोन रिसीव किया और न ही समय पर वाहन उपलब्ध कराया।
मजबूरी में परिजनों को शव को एक निजी ऑटो में ले जाना पड़ा। घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया व मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गए, जिसके बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे।

अस्पताल की जगह बस स्टैंड में खड़ा मिला शव वाहन
मामले की जांच में यह भी सामने आया कि नियमों के मुताबिक अस्पताल परिसर में मौजूद रहने वाला 1099 शव वाहन उस समय बस स्टैंड में खड़ा था। स्थानीय लोगों ने इसकी तस्वीरें प्रशासन तक पहुंचाईं। इसके बाद CMHO कार्यालय ने जिला प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
स्वास्थ्य मंत्री का सख्त संदेश
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जनता से जुड़ी सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेशभर में शव वाहन सेवाओं की समीक्षा की जाए ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसी पीड़ा का सामना न करना पड़े।
Author: Man Tantra 24










