प्रशासनिक संवेदनशीलता पर भारी पड़ रही पंचायत की लापरवाही: महतारी वंदन केवाईसी के नाम पर महिलाओं की अग्निपरीक्षा
बलरामपुर (वाड्रफनगर)/रामहरि गुप्ता: छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ का लाभ लेने के लिए हितग्राहियों को केवाईसी (KYC) कराना अनिवार्य कर दिया गया है। लेकिन बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बसंतपुर से प्रशासन की घोर लापरवाही और अव्यवस्था की एक विचलित करने वाली तस्वीर सामने आई है।
भवन तैयार, पर ताला लटका: घर से चल रहा सरकारी काम

बसंतपुर में केवाईसी सेंटर के लिए भवन बनकर तो तैयार है, लेकिन पंचायत की उदासीनता के कारण अब तक इसका प्लास्टर और फिनिशिंग का काम पूरा नहीं हो सका है। आलम यह है कि सेंटर के प्रभारी अपने निजी घर से केवाईसी का काम निपटा रहे हैं। एक तरफ सरकार डिजिटल इंडिया की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ एक महत्वपूर्ण योजना का काम पंचायत भवन के बजाय किसी के निजी बरामदे में सिमट कर रह गया है।

तपती धूप, प्यास और मासूम बच्चों की चीखें
खबर के मुताबिक, महिलाएं सुबह 8:00 बजे से ही अपने घर का काम छोड़ लंबी कतारों में लग जाती हैं।
-
- भीषण गर्मी: बुजुर्ग महिलाएं और अपने दुधमुंहे बच्चों को गोद में लिए माताएं चिलचिलाती धूप में घंटों खड़े रहने को मजबूर हैं।
- पेयजल का संकट: सेंटर के आसपास पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है।
- बुनियादी सुविधाएं नदारद: न बैठने के लिए छाया है और न ही शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा।
”हम सुबह से यहाँ आए हैं, न पानी है न बैठने की जगह। छोटे बच्चे गर्मी से बेहाल हैं, लेकिन केवाईसी कराना मजबूरी है।” — स्थानीय पीड़ित महिला
![]()
अधिकारी मौन, कलेक्टर ने संभाली कमान
जब इस अव्यवस्था को लेकर वाड्रफनगर के अनुविभागीय अधिकारी (SDO) को फोन किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव करना भी उचित नहीं समझा। अंततः, मामले की गंभीरता को देखते हुए बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा को अवगत कराया गया।
कलेक्टर महोदय ने मामले पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया है कि “कल से वहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।”
बड़ा सवाल: क्या कल बदलेगी तस्वीर?
अब सवाल यह है कि क्या कलेक्टर के निर्देश के बाद धरातल पर बदलाव दिखेगा? क्या बसंतपुर की महिलाओं को कल धूप और प्यास से निजात मिलेगी, या फिर प्रशासनिक आश्वासन सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहेगा? यह आने वाला वक्त बताएगा।
Author: Man Tantra 24










