Mantantra24

मंगलसूत्र में मिलावट मामला: गुलाब कमरों की शिकायत सही साबित, शासन ने अधिकारी पर की कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुलाब कमरों की शिकायत निकली सही! मिलावटी मंगलसूत्र मामले में एमसीबी के जिला कार्यक्रम अधिकारी पर शासन की बड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 189 जोड़ों को बांटे गए मंगलसूत्र में गिलिट की शिकायत पर जांच के बाद दो वेतनवृद्धियां रोकी गईं।

मनेंद्रगढ़/चिरमिरी/सुनील शर्मा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 10 फरवरी 2026 को एमसीबी जिले के खड़गवां स्थित मां महामाया मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में वितरित मंगलसूत्र को लेकर उठे विवाद में अब बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया है। छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा पर विभागीय कार्रवाई करते हुए उनकी दो वार्षिक वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने का आदेश जारी किया है।

यह वही मामला है जिसे पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने सार्वजनिक रूप से उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत नवविवाहित महिलाओं को चांदी के बजाय गिलिट (मिलावटी धातु) के मंगलसूत्र वितरित किए गए हैं। उस समय इस आरोप को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर काफी चर्चा हुई थी।

शिकायत के बाद कलेक्टर एमसीबी ने मामले की जांच कराई और जांच प्रतिवेदन शासन को भेजा। शासन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया, फिर स्मरण पत्र भेजा। अधिकारी द्वारा प्रस्तुत जवाब को संतोषजनक नहीं माना गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अधिकारी का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम के विपरीत पाया गया। इसके चलते उनके विरुद्ध विभागीय दंड के रूप में दो वार्षिक वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई की गई है।

इस आदेश के सामने आने के बाद यह कहा जा रहा है कि पूर्व विधायक गुलाब कमरों द्वारा उठाए गए मुद्दे को शासन ने गंभीरता से लिया और जांच के बाद कार्रवाई की, जिससे उनकी शिकायत को बल मिला।

अब इस पूरे मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि उपहार सामग्री की गुणवत्ता को लेकर जांच में अधिकारी पर कार्रवाई हुई है, तो मिलावटी सामग्री की आपूर्ति करने वाले सप्लायर या संबंधित एजेंसी पर क्या कार्रवाई की गई या की जाएगी, इस पर शासन की ओर से अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

Man Tantra 24
Author: Man Tantra 24

Leave a Comment

और पढ़ें