Mantantra24

अनियमितता पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई — 5 उचित मूल्य दुकानों का आवंटन निरस्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अनियमितता पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई — 5 उचित मूल्य दुकानों का आवंटन निरस्त

24 नवम्बर तक नई एजेंसियों से आवेदन आमंत्रित

कोरिया, 12 नवम्बर 2025/सुनील शर्मा
उचित मूल्य की दुकानों में अनियमितता पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए पाँच दुकानों का आवंटन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बैकुण्ठपुर ने ग्राम पंचायत तामडांड, बैमा, मझगवां, डकईपारा और सलबा की शासकीय उचित मूल्य दुकानों को नियम उल्लंघन और एजेंसियों की लापरवाही के कारण रद्द कर दिया है।

यह कार्रवाई प्रशासन द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया ठोस कदम माना जा रहा है।

नई एजेंसियों के चयन हेतु 24 नवम्बर 2025 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन वृहदाकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समितियां, महिला स्व-सहायता समूह, वन सुरक्षा समितियां, उपभोक्ता सहकारी समितियां, स्थानीय निकाय और ग्राम पंचायतों से स्वीकार किए जाएंगे।

आवेदकों को समूह/समिति का पंजीयन प्रमाणपत्र, पासबुक की छायाप्रति तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। साथ ही, संबंधित संस्था का पंजीयन आवेदन तिथि से कम से कम दो माह पूर्व का होना चाहिए। निर्धारित समयावधि के बाद प्राप्त आवेदन अमान्य माने जाएंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियम उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

mantantra24
Author: mantantra24

Leave a Comment

और पढ़ें