मध्य प्रदेश कांग्रेस में घमासान: किसान नेता हीरामणि मिश्र ने जीतू पटवारी पर साधा निशाना, दी दिल्ली कूच की चेतावनी

मध्य प्रदेश कांग्रेस में घमासान: किसान नेता हीरामणि मिश्र ने जीतू पटवारी पर साधा निशाना, दी दिल्ली कूच की चेतावनी

मऊगंज (मध्य प्रदेश)/प्रकाश द्विवेदी– मध्य प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर असंतोष के स्वर तेज हो गए हैं। रीवा संभाग के वरिष्ठ किसान नेता और कांग्रेस समर्थक हीरामणि मिश्र ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC चीफ) जीतू पटवारी के नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मिश्रा ने हाल ही में हुई ब्लॉक अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों को ‘फर्जीवाड़ा’ करार देते हुए नाराजगी जाहिर की है।

वही पुराने चेहरे, वही भीतरघात का डर

एक विशेष साक्षात्कार में हीरामणि मिश्र ने आरोप लगाया कि पिछले 20 वर्षों से कांग्रेस को हराने और भीतरघात करने वाले चेहरों को ही फिर से महत्वपूर्ण पदों पर नवाजा गया है। उन्होंने कहा, “जिस तरह से प्रदेश कार्यकारिणी और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों में वही पुराने चेहरे लाए गए हैं जो सालों से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं, उससे कांग्रेस संगठन मजबूत होने के बजाय और कमजोर होगा।”

जीतू पटवारी से सीधे सवाल

मिश्रा ने जीतू पटवारी पर कड़ा प्रहार करते हुए पूछा, “क्या आपको नेतृत्व कांग्रेस की लुटिया डुबोने के लिए दिया गया है?” उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी की जो सोच है, जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी उसके विपरीत काम कर रहे हैं।

‘कांग्रेस बचाओ अभियान’ और दिल्ली कूच की चेतावनी

किसान नेता ने पार्टी आलाकमान को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर एक से दो हफ्ते के भीतर इन नियुक्तियों में सुधार नहीं किया गया, तो प्रदेश भर के कद्दावर नेता और जिला अध्यक्ष पद के दावेदार लामबंद होंगे।

मुख्य बातें:

दिल्ली कूच: असंतुष्ट नेता दिल्ली जाकर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल को ज्ञापन सौंपेंगे।

कांग्रेस बचाओ अभियान: पूरे प्रदेश में पार्टी की कार्यप्रणाली के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।

2028 का चुनाव: मिश्र ने चेतावनी दी कि यदि अब सुधार नहीं हुआ, तो 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को फिर से हार का सामना करना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी जीतू पटवारी और हरीश चौधरी की होगी।

मध्य प्रदेश कांग्रेस में बढ़ता यह असंतोष आने वाले समय में पार्टी के लिए नई चुनौतियां खड़ी कर सकता है। अब देखना यह है कि जीतू पटवारी और आलाकमान इन उठते सवालों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।

 

mantantra24
Author: mantantra24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज