
मुख्यमंत्री आवास के सौंदर्यीकरण पर घमासान
– फोटो : ट्विटर@bjp
विस्तार
दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास के सौंदर्यीकरण को लेकर सियासी घमासान जारी है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के राज्य सभा सांसद व प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि एक कहावत है कि राज योग जब आता है तो अक्सर उसके साथ ‘राज रोग’ आता है, परन्तु आम आदमी पार्टी के संदर्भ में यह ‘राज रोग’ इतनी जल्दी इतना संक्रामक हो जाएगा ये दिल्ली की जनता की समझ से बाहर था।
उन्होंने कहा कि आज यह राज रोग उनकी सरकार, पार्टी और संगठन से होता हुआ उनके घर तक पहुंच गया है। आज दिल्ली स्तब्ध है। यह खुलासा साफ-साफ आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार के मुखौटे को बेनकाब करता है। वह दिल्ली PWD का वो क्लॉज़ कॉट करके बताएं जिसके तहत विदेशी मार्बल लगाने का अधिकार था और बैगैर इनकी अनुमति के किया गया।
सुधांशु त्रिवेदी ने पूछा कि मान्यवर, यह कौनसी हवा आपको लगी कि आपको लाखों रुपये के पंखे की ही हवा चाहिए थी? यह कौनसे परदे को छुपाना चाहते थे जो लाखों के परदे लगे? दिल्ली की जनता ने इनके किए दावों पर विश्वास किया था लेकिन आज दिल्ली की जनता खुद को छला हुआ और ठगा हुआ महसूस कर रही है।
आम आदमी पार्टी ने सारी हदें पार कर दी हैं। करोड़ों रुपये लेकर कंसल्टेंट को हायर किया। केजरीवाल के लिए एक भव्य महल के जीर्णोद्धार के लिए 9 करोड़ 99 लाख खर्च करना बेहद शर्मनाक है। केजरीवाल के सारे धोखे और झूठ का पर्दाफाश हो गया है। पर्दे हों, टाइल्स हों, कालीन हों, पंखे हों, हर चीज में उन्होंने लग्जरी सुविधा सुनिश्चित की है। उन्हें लाखों रुपये के पंखे से ही हवा चाहिए, साथ ही करोड़ों रुपये का महल भी चाहिए।
Author: mantantra24





