गोवंश की हत्या और मांस की तस्करी के आरोप पर बवाल, हिंदूवादी संगठनों के अल्टीमेटम के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन
कोरिया/पोंडी/सुनील शर्मा। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले की पोंडी तहसील क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने और कथित तौर पर मांस ले जाने का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने भी कड़ा विरोध जताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह ग्राम पंचायत क्षेत्र में गोवंश के अवशेष दिखाई दिए। मौके पर गोवंश के पैर और सिर का हिस्सा अलग-अलग पड़े मिले, जबकि शरीर का बाकी हिस्सा मौके से गायब था। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि गोवंश की हत्या के बाद उसके मांस को वहां से ले जाया गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों और हिंदूवादी संगठनों में नाराजगी बढ़ गई। संगठन के प्रतिनिधि पुलिस अधीक्षक, कोरिया के कार्यालय पहुंचे और मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।
संगठनों ने पुलिस प्रशासन को चार दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया तो पुलिस कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। संगठनों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
साइबर सेल और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मौके से मिले अवशेषों को एकत्र कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इसके साथ ही मामले की तकनीकी जांच के लिए साइबर सेल को भी लगाया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम भी काम कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने और मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
चार दिन बाद क्या होगा?
एक ओर घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है, वहीं हिंदूवादी संगठनों के चार दिन के अल्टीमेटम ने पुलिस प्रशासन के सामने चुनौती बढ़ा दी है। अब निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं कि फोरेंसिक रिपोर्ट और साइबर जांच के आधार पर पुलिस कथित घटना के जिम्मेदार लोगों तक कब पहुंचती है।
यदि तय समय में कार्रवाई नहीं होती है तो हिंदूवादी संगठनों ने पुलिस कार्यालय के घेराव और बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह मामला और गरमा सकता है।
Author: Man Tantra 24









