Mantantra24

धान खरीदी केंद्र पहुंचे सरगुजा कमिश्नर, किसानों ने टोकन लिमिट बढ़ाने की उठाई मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बाहरी धान की आवक रोकने के निर्देश, किसानों की समस्या पर कमिश्नर ने दिया आश्वासन; व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा

वाड्रफनगर (बलरामपुर-रामानुजगंज)/रामहरि गुप्ता। सरगुजा संभाग के कमिश्नर नरेंद्र कुमार दुग्गा ने बसंतपुर धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में साफ-सफाई, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, धान तौल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने अधिकारियों एवं समिति कर्मचारियों को धान खरीदी प्रक्रिया व्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खरीदी केंद्रों में बाहरी राज्यों अथवा अन्य क्षेत्रों से आने वाले धान की अवैध खरीदी पर विशेष निगरानी रखी जाए। किसान अपने खेतों में उत्पादित धान का ही विक्रय करें। बाहरी धान की आवक की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करने की अपील भी की।

टोकन लिमिट खत्म होने से किसानों की बढ़ी परेशानी

निरीक्षण के दौरान किसानों ने ऑनलाइन टोकन व्यवस्था को लेकर अपनी समस्या कमिश्नर के सामने रखी। किसानों ने बताया कि मौजूदा व्यवस्था में 70 प्रतिशत किसानों को स्वयं ऑनलाइन टोकन काटना है, जबकि 30 प्रतिशत छोटे किसानों के टोकन समिति के माध्यम से काटे जाने हैं।

किसानों के मुताबिक, ऑनलाइन टोकन की निर्धारित लिमिट 15 जनवरी तक पूरी हो चुकी है। ऐसे में कई किसान अपना टोकन नहीं कटवा पा रहे हैं। किसानों ने आशंका जताई कि लिमिट नहीं बढ़ने पर उन्हें समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में परेशानी हो सकती है।

इस पर किसानों ने कमिश्नर से ऑनलाइन टोकन की लिमिट बढ़ाने की मांग की। कमिश्नर नरेंद्र कुमार दुग्गा ने किसानों की समस्या गंभीरता से सुनी और टोकन लिमिट बढ़ाने के संबंध में आश्वासन दिया।

व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आए कमिश्नर

बसंतपुर धान खरीदी केंद्र में निरीक्षण के दौरान मजदूरों द्वारा धान की तौल की जा रही थी। कमिश्नर ने तौल प्रक्रिया सहित केंद्र की अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साफ-सफाई एवं खरीदी व्यवस्था को देखकर उन्होंने संतुष्टि जताई और अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

औचक निरीक्षण के दौरान वाड्रफनगर एसडीएम डॉ. टी.डी. मरकाम, तहसीलदार, सहकारिता निरीक्षक अखिलेश दास, बसंतपुर समिति प्रबंधक रामलाल मरावी, कंप्यूटर ऑपरेटर शत्रुघ्न अग्रवाल सहित समिति के कर्मचारी एवं मजदूर उपस्थित रहे।

कमिश्नर के इस निरीक्षण में जहां बाहरी धान की अवैध आवक रोकने को लेकर प्रशासन का सख्त रुख सामने आया, वहीं किसानों की टोकन लिमिट बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से उठी। अब किसानों को टोकन लिमिट बढ़ाने के संबंध में आगे होने वाले निर्णय का इंतजार है।

Man Tantra 24
Author: Man Tantra 24

Leave a Comment

और पढ़ें