फोन पर पहले गालियां… फिर जान से मारने की धमकी! सरपंच ने थाने में पहुंचकर खोला चौंकाने वाला मामला
बसंतपुर/वाड्रफनगर। ग्राम पंचायत प्रेमनगर के सरपंच एवं सरपंच संघ, जनपद पंचायत वाड्रफनगर के अध्यक्ष राजनारायण सिंह परस्ते ने फोन पर जातिसूचक एवं अश्लील गाली-गलौज किए जाने और जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाते हुए थाना बसंतपुर में शिकायत आवेदन दिया है। शिकायत के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
सरपंच के मुताबिक, विनय कुमार यादव, पिता शिवशंकर यादव, द्वारा उन्हें लगातार फोन कर कथित रूप से परेशान किया जा रहा है। शिकायत आवेदन में आरोप लगाया गया है कि फोन पर उनकी मां-बहन को लेकर अश्लील शब्दों के साथ जातिसूचक गालियां दी गईं और इसके बाद जान से मारने की धमकी भी दी गई।
बालू के अवैध खनन-परिवहन का भी आरोप
शिकायत में राजनारायण सिंह ने संबंधित व्यक्ति के कथित रूप से बालू के अवैध खनन एवं परिवहन से जुड़े होने का भी उल्लेख किया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

सरपंच ने पुलिस को यह भी बताया है कि फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास उपलब्ध है। उनका कहना है कि जरूरत पड़ने पर उक्त रिकॉर्डिंग पुलिस जांच के दौरान साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत की जाएगी।
मोबाइल नंबर और कॉल रिकॉर्ड की जांच की मांग

राजनारायण सिंह ने पुलिस से संबंधित मोबाइल नंबरों और कॉल रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है। साथ ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।
सरपंच ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।
फिलहाल शिकायत आवेदन के आधार पर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Man Tantra 24









