16 से 21 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान, दो टीमों को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
वाड्रफनगर (बलरामपुर-रामानुजगंज)/रामहरि गुप्ता। क्षेत्र में नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्पदृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत विकासखण्ड वाड्रफनगर में 16 नवंबर 2026 को ‘सम्पूर्ण नेत्र सुरक्षा कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा फीता काटकर की गई। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर अभियान के लिए गठित दो टीमों को विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन खण्ड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. हेमंत दीक्षित के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष वाड्रफनगर मान सिंह एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। बीएमओ डॉ. दीक्षित ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक डॉ. अश्विनी चौबे, व्यापार प्रकोष्ठ मंडल संयोजक दीपक अग्रवाल, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष दिलीप दोहरे तथा वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राही भी मौजूद रहे।
39 स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचेगी नेत्र जांच की सुविधा

स्वागत एवं जलपान कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने अभियान के तहत संचालित होने वाली दो विशेष टीमों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये टीमें विकासखण्ड के अंतर्गत आने वाले 39 स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचकर नेत्र सुरक्षा कार्यक्रम के तहत निर्धारित गतिविधियों का संचालन करेंगी। अभियान 16 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित है।
अंतिम व्यक्ति तक सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य
भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी ने मीडिया के माध्यम से क्षेत्रवासियों से छत्तीसगढ़ शासन की इस महत्वपूर्ण पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समय पर जांच बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम की सफल क्रियान्वयन और सतत निगरानी की जिम्मेदारी बीएमओ डॉ. हेमंत दीक्षित एवं ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (BPM) शुभम कुमार रोहित द्वारा संभाली जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य अभियान के माध्यम से क्षेत्र के अंतिम छोर तक पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस अभियान से उम्मीद है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नेत्र संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
Author: Man Tantra 24









