Mantantra24

ब्रेकिंग न्यूज, ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में 112 वाहन का एक्सीडेंट, आरक्षक बर्खास्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में 112 वाहन का एक्सीडेंट, आरक्षक बर्खास्त

बलरामपुर/रामहरि गुप्ता। ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में सरकारी वाहन चलाने और उसे दुर्घटनाग्रस्त करने के मामले में बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित होने के बाद आरक्षक संजय मारकण्डे को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। बर्खास्तगी का आदेश 19 सितंबर 2026 को जारी किया गया।

इवेंट की सूचना पर निकला था डायल-112

मामला 7 जुलाई 2026 की रात का है। चौकी वाड्रफनगर, थाना बसंतपुर क्षेत्र में संचालित डायल-112 वाहन क्रमांक CG-03-A-2749 में आरक्षक संजय मारकण्डे और चालक ओमप्रकाश यादव की ड्यूटी थी।

 

रात करीब 11:40 बजे एक इवेंट की सूचना मिलने के बाद दोनों वाहन से ग्राम सिवरी बरतीकला की ओर रवाना हुए। इसी दौरान वाड्रफनगर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर न्यू पंचवटी ढाबा के पास डायल-112 वाहन की सामने से आ रही पिकअप क्रमांक UP-64-CT-1055 से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि

दुर्घटना के बाद आरक्षक और चालक के नशे में होने का संदेह होने पर दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में मेडिकल परीक्षण कराया गया। विभागीय दस्तावेजों के अनुसार मेडिकल जांच में दोनों के शराब के सेवन की पुष्टि हुई।

विभागीय जांच में गंभीर आरोप प्रमाणित

घटना के बाद पुलिस विभाग ने मामले की विभागीय जांच कराई। जांच में आरक्षक संजय मारकण्डे के खिलाफ ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करने, नशे की हालत में सरकारी वाहन को दुर्घटनाग्रस्त कराने, घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और गंभीर कदाचरण के आरोप प्रमाणित पाए गए।

जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने आरक्षक के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया।

ड्यूटी में लापरवाही पर पुलिस विभाग का सख्त संदेश

संजय मारकण्डे पूर्व में चौकी वाड्रफनगर में पदस्थ था और वर्तमान में रक्षित केंद्र बलरामपुर में पदस्थ बताया गया है। डायल-112 जैसी आपातकालीन सेवा की ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना के बाद विभागीय कार्रवाई को पुलिसकर्मियों में अनुशासन और जिम्मेदारी को लेकर सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

Man Tantra 24
Author: Man Tantra 24

Leave a Comment

और पढ़ें