Mantantra24

सरगुजा के रेल यात्रियों के लिए बड़ी पहल! सांसद ज्योत्सना महंत ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, चार नई रेल सुविधाओं की उठाई मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंबिकापुर से नागपुर, भोपाल और प्रयागराज तक रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग, दुर्ग के लिए सुबह इंटरसिटी ट्रेन चलाने का भी आग्रह

कोरबा/सरगुजा/सुनील शर्मा। सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही सुविधाओं की मांग को लेकर कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने सरगुजा संभाग के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी से जोड़ने के उद्देश्य से चार प्रमुख मांगें रखी हैं।

सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सरगुजा, कोरिया एवं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को बड़े शहरों तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बेहतर रेल संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के अवसरों को बढ़ावा मिल सकता है।

सांसद ने रेल मंत्री के सामने रखीं ये चार प्रमुख मांगें

  1. अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस का विस्तार नागपुर तक किया जाए। इससे छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के बीच यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।
  2. अंबिकापुर से दुर्ग तक सुबह इंटरसिटी ट्रेन चलाई जाए। इससे दैनिक यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
  3. अंबिकापुर-जबलपुर ट्रेन का विस्तार भोपाल तक किया जाए। इससे मध्यप्रदेश की राजधानी तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
  4. अंबिकापुर से प्रयागराज के लिए वाया शहडोल-कटनी ट्रेन चलाई जाए। इससे यात्रियों को प्रयागराज जाने के लिए एक बेहतर रेल विकल्प उपलब्ध होगा।

सांसद ज्योत्सना महंत ने रेल मंत्री से इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह करते हुए कहा है कि सरगुजा संभाग के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के विकास के लिए बेहतर रेल सुविधाएं बेहद आवश्यक हैं।

अब देखना होगा कि रेल मंत्रालय इन मांगों पर क्या निर्णय लेता है और सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों को इन प्रस्तावित सुविधाओं का लाभ कब तक मिल पाता है।

Man Tantra 24
Author: Man Tantra 24

Leave a Comment

और पढ़ें