Mantantra24

यूपी से छत्तीसगढ़ आ रही थी धान की बड़ी खेप,जांच में खुली ऐसी पोल कि जब्त करना पड़ा पूरा वाहन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

120 क्विंटल धान से भरी 285 बोरियां जब्त, चालक नहीं दिखा सका परिवहन के वैध दस्तावेज; वाहन समेत धान पुलिस के सुपुर्द

वाड्रफनगर/बलरामपुर/रामहरि गुप्ता। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही सीमावर्ती इलाकों में दूसरे राज्यों से अवैध धान खपाने की आशंका के बीच प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी बीच वाड्रफनगर विकासखंड के धनवार बैरियर पर जांच के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने प्रशासनिक अमले को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। टीम ने उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा करीब 120 क्विंटल धान जब्त किया है।

जानकारी के मुताबिक, वाहन क्रमांक JH 03 AT-8356 में 285 बोरियों में धान भरकर परिवहन किया जा रहा था। धनवार बैरियर पर जांच के दौरान जब अधिकारियों ने चालक से धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धान सहित पूरे वाहन को जब्त कर लिया।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक और मंडी उप निरीक्षक मौजूद रहे। जब्त किए गए धान और वाहन को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी बसंतपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।

दूसरे राज्यों से धान की आवक रोकने प्रशासन अलर्ट

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों से धान लाकर स्थानीय खरीदी केंद्रों में खपाने की कोशिशों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। इसके लिए चेकपोस्ट पर अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ रात्रिकालीन गश्त भी की जा रही है।

अवैध धान परिवहन पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दूसरे राज्यों से धान लाकर छत्तीसगढ़ के धान खरीदी केंद्रों में खपाने का प्रयास नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 सहित संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं अवैध धान परिवहन या खरीदी-बिक्री की जानकारी मिलती है, तो तत्काल राजस्व, खाद्य विभाग अथवा पुलिस को सूचित करें।

Man Tantra 24
Author: Man Tantra 24

Leave a Comment

और पढ़ें