चार गांवों में गूंजा जय संविधान का नारा, विक्रम राय गुरुजी ने दिलाई प्रस्तावना की शपथ
पलारी/सुनील शर्मा। संविधान दिवस के अवसर पर विकासखंड पलारी के विभिन्न ग्रामों में संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ संकुल शैक्षिक समन्वयक संघ के प्रांताध्यक्ष विक्रम राय गुरुजी ने चार अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।
मुड़ियाडीह, लरिया, गबौद और विकासखंड मुख्यालय पलारी में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
संविधान के साथ नशामुक्ति का भी दिया संदेश
ग्राम मुड़ियाडीह में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विक्रम राय गुरुजी ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराकर शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने नशामुक्ति पर जोर देते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का विनाश करता है।
उन्होंने कहा कि नशे को पहले स्वयं से, फिर अपने परिवार और गांव से दूर करना होगा। केवल शासन-प्रशासन के प्रयासों से नशे को समाप्त नहीं किया जा सकता, इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं जागरूक होकर संकल्प लेना होगा। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई।
बच्चों ने चित्रकला और भाषण से समझाया संविधान का महत्व
ग्राम लरिया के विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संविधान आधारित चित्रकला, नारा लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विक्रम राय गुरुजी ने बच्चों को संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी।
वहीं ग्राम गबौद में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यहां अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संविधान महज एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन को दिशा देने वाला मार्गदर्शक है।
पलारी में हुआ सामूहिक प्रस्तावना वाचन
विकासखंड मुख्यालय पलारी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, संकुल शैक्षिक समन्वयक, विद्यार्थी एवं नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया तथा सभी ने संविधान के मूल्यों, लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता और बंधुता की भावना को बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विक्रम राय गुरुजी ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का मार्ग दिखाता है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को विश्व के सबसे बड़े लिखित संविधानों में से एक प्रदान किया है। हमारा दायित्व है कि हम संविधान का सम्मान करें, उसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और आने वाली पीढ़ियों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
उन्होंने बाबा साहब के संदेश ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो’ को याद करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे व्यक्ति अपने अधिकारों को समझने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकता है।
संविधान के सम्मान और राष्ट्र की एकता का लिया संकल्प
चारों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में उपस्थित लोगों ने संविधान की प्रस्तावना ‘हम, भारत के लोग…’ का सामूहिक वाचन करते हुए देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रमों में लोचन बांधे, ब्लॉक अध्यक्ष सहायक शिक्षक फेडरेशन, NSS स्वयंसेवक, शिक्षकगण, संकुल शैक्षिक समन्वयक, सरपंच, जनप्रतिनिधि, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अंत में भारत माता की जय और जय संविधान के नारों के साथ कार्यक्रमों का समापन हुआ। इन आयोजनों के माध्यम से पलारी विकासखंड में संविधान के प्रति जागरूकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
Author: Man Tantra 24









