पारिवारिक विवाद में कलयुगी बेटे ने पिता के सिर पर मारी लाठी, मौत; 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
जनकपुर/सुनील शर्मा। पारिवारिक विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि एक बेटे ने अपने ही पिता के सिर पर लाठी से वार कर उनकी जान ले ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में जनकपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी मोतीलाल सिंह ने थाना जनकपुर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भतीजा वंश बहादुर सिंह अपने पिता बिरन सिंह के साथ पारिवारिक विवाद को लेकर झगड़ रहा था। इसी दौरान वंश बहादुर ने जान से मारने की नीयत से अपने पिता के सिर के पीछे हिस्से में लाठी से जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बिरन सिंह की मौत हो गई।
रिपोर्ट पर जनकपुर पुलिस ने आरोपी वंश बहादुर सिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 245/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
गांव में ही छिपा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विजय सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। अधिकारियों के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अपने ही गांव में पुलिस से बचने के लिए लुक-छिपकर रह रहा है। पुलिस ने सूचना के आधार पर भगवानपुर के बघवार मोहल्ले में दबिश दी और आरोपी वंश बहादुर सिंह पिता स्व. बिरन सिंह, उम्र 31 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में जुर्म कबूला, हत्या में इस्तेमाल लाठी भी बरामद
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के सामने खेत से घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद कर जब्त की।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद गिरफ्तारी की सूचना उसके वारिसानों को दी और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी जनकपुर उपनिरीक्षक विजय सिंह, सहायक उपनिरीक्षक किशन चौहान, सउनि चित्र बहोर यादव, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक जय ठाकुर, आरक्षक सूर्य पाल सिंह एवं सहायक आरक्षक विष्णु यादव का अहम योगदान रहा।
जनकपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से हत्या जैसे गंभीर मामले में आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर पुलिस ने अपनी तत्परता का परिचय दिया है।
Author: Man Tantra 24









