Mantantra24

युवाओं को साधने निकली BJYM, MCB में ‘JOIN BJYM 2026’ अभियान लॉन्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

JOIN BJYM 2026 अभियान का एमसीबी जिले में शुभारंभ, दीवार लेखन के माध्यम से युवाओं को दिया संगठन से जुड़ने का संदेश

मनेंद्रगढ़/सुनील शर्मा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला एमसीबी द्वारा “JOIN BJYM 2026” अभियान का शुभारंभ गुरुवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में दीवार लेखन अभियान के साथ किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को संगठन से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण, सेवा, संस्कार और नेतृत्व की भावना को मजबूत करना बताया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री आशीष मजूमदार, जिला मंत्री सुशील सिंह, भाजयुमो जिला प्रभारी शानु कश्यप, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष कोमल पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आनंद ताम्रकार, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अंकित शर्मा सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष अंकित शर्मा ने कहा कि भारत का भविष्य उसके युवाओं के हाथों में है। जब युवा राष्ट्रहित के संकल्प के साथ आगे बढ़ते हैं, तब नया भारत आकार लेता है। उन्होंने कहा कि “JOIN BJYM 2026” अभियान हर उस युवा के लिए अवसर है, जो समाज, क्षेत्र और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाना चाहता है।

उन्होंने जिले के युवाओं से संगठन से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि यदि उनके मन में राष्ट्र सेवा का जज़्बा है और वे सेवा, संगठन एवं विकास की यात्रा का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि जिले के प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक पहुँचकर अधिक से अधिक युवाओं को “JOIN BJYM 2026” अभियान से जोड़ेंगे तथा “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे।

भाजयुमो की ओर से अभियान के दौरान युवाओं से संगठन से जुड़ने का आह्वान करते हुए संदेश दिया गया—

“युवा बदलेगा, तो भारत बढ़ेगा।
आइए, भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़कर राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा के सहभागी बनें।”

Man Tantra 24
Author: Man Tantra 24

Leave a Comment

और पढ़ें