Mantantra24

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने नई कलेक्टर का किया स्वागत, जनहित के मुद्दों पर सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने नई कलेक्टर का किया स्वागत, जनहित के मुद्दों पर सौंपा ज्ञापन

वेतन बकाया, सड़क निर्माण, जल संकट, स्ट्रीट लाइट और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर की चर्चा

एमसीबी/सुनील शर्मा। जिले की नवपदस्थ कलेक्टर का गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान संगठन की ओर से जिला महासचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शेख इस्माइल, प्रदेश प्रचार मंत्री शशि राज सिंह, जिला सोशल मीडिया प्रभारी चिंटू जैन, नगर महामंत्री भास्कर तथा नगर महासचिव नंद कुमार आयाम उपस्थित रहे।

स्वागत उपरांत पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चिरमिरी नगर निगम कर्मचारियों के लंबित वेतन, नागपुर-चिरमिरी सड़क चौड़ीकरण कार्य की गुणवत्ता, साजा पहाड़-चैनपुर मार्ग निर्माण में देरी, जिले में लगातार बढ़ रहे जल संकट, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों, नए परिसीमन में चिरमिरी के नाम से विधानसभा एवं लोकसभा क्षेत्र बनाए जाने तथा प्रस्तावित संभागीय कार्यालय चिरमिरी में स्थापित किए जाने की मांग शामिल रही।

इसके अलावा आधार कार्ड में जिले का नाम परिवर्तन कराने के नाम पर च्वाइस सेंटरों द्वारा 100 से 150 रुपये तक वसूले जाने तथा चिरमिरी तहसील गठन के लगभग दस वर्ष बाद भी कई शासकीय दस्तावेजों में चिरमिरी का नाम दर्ज नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने जिले एवं चिरमिरी क्षेत्र में रोजगार शिविर आयोजित कराने की मांग भी रखी, ताकि युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो सकें।

कलेक्टर ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया और कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।

Man Tantra 24
Author: Man Tantra 24

Leave a Comment

और पढ़ें