Mantantra24

नशे के सौदागरों पर जनकपुर पुलिस का कड़ा प्रहार: बाड़ी में चल रही गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़, 18 किलो से अधिक गांजे के साथ आरोपी सलाखों के पीछे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नशे के सौदागरों पर जनकपुर पुलिस का कड़ा प्रहार: बाड़ी में चल रही गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़, 18 किलो से अधिक गांजे के साथ आरोपी सलाखों के पीछे

एमसीबी/सुनील शर्मा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनकपुर पुलिस ने एक बड़ी और सराहनीय सफलता हासिल की है। एसडीओपी अरविंद खलखो के कुशल मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम गांजर में दबिश देकर बाड़ी में गुप्त रूप से की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश किया। पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

कपड़े से बाड़ी घेरकर छिपा रखी थी अवैध खेती

जनकपुर पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम गांजर निवासी हरि लाल (52 वर्ष), पिता रामकुमार, अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित योजना बनाकर ग्राम गांजर में दबिश दी। आरोपी ने अपनी करतूत छुपाने के लिए बाड़ी को चारों तरफ से कपड़ों से ढक रखा था ताकि किसी की नजर न पड़े और वह आसानी से पौधों की देखभाल कर सके।

18.690 किलोग्राम गांजे के हरे पौधे बरामद

संदेश पुख्ता होते ही पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर बाड़ी में प्रवेश किया और घेराबंदी कर विधिवत तलाशी ली। मौके से कुल 14 हरे गांजे के पौधे बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 18 किलो 690 ग्राम आंका गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी पौधों को विधिवत जब्त कर लिया और आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी पहुंचा जेल

आरोपी हरि लाल के खिलाफ थाना जनकपुर में धारा 20(a) एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध किया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाओं के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कार्रवाई में शामिल कर्तव्यनिष्ठ टीम

अवैध नशे के खिलाफ इस शानदार अभियान को सफल बनाने में एसडीओपी अरविंद खलखो के नेतृत्व में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विजय सिंह, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश चौहान, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मनीष साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक कमलेश मरकाम, प्रधान आरक्षक संदीप बागीस, आरक्षक सूर्यपाल सिंह, आरक्षक संजय सिंह एवं महिला आरक्षक राजकुमारी मरकाम की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों द्वारा खूब सराहना की जा रही है।

Man Tantra 24
Author: Man Tantra 24

Leave a Comment

और पढ़ें