₹4.51 करोड़ की खरीदी में गड़बड़ी के आरोपों पर DEO मनीराम यादव का पलटवार, बोले- आरोप बेबुनियाद
बलरामपुर/रामहरि गुप्ता। बलरामपुर जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव पर स्कूलों के लिए करीब ₹4.51 करोड़ की सामग्री खरीदी में गड़बड़ी के आरोप लगाए जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से यह मामला कई समाचार पत्रों में सुर्खियों में है। आरोपों की सच्चाई जानने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव से बात की गई, जिस पर उन्होंने इन आरोपों को बेबुनियाद और बदनाम करने की साजिश बताया।
डीईओ मनीराम यादव का कहना है कि उनके द्वारा कई शिक्षकों और बाबुओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इसी वजह से कुछ लोग उन्हें मीडिया के माध्यम से बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में सामग्री की खरीदी नियमानुसार की गई थी। सामग्री स्कूलों में पहुंचने के बाद उसका भौतिक सत्यापन कराया गया और सत्यापन के बाद ही संबंधित फर्म को भुगतान किया गया।
वहीं, वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भी सामग्री स्कूलों में पहुंच रही है। डीईओ के मुताबिक इस सत्र में भी सामग्री के भौतिक सत्यापन के बाद ही संबंधित फर्मों को भुगतान किया जाएगा।
जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
₹4.51 करोड़ की खरीदी में गड़बड़ी के आरोपों पर डीईओ मनीराम यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वास्तव में कोई घोटाला हुआ है और इस संबंध में जांच की गई है, तो पूरी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है?
उन्होंने कहा कि यदि जांच में गड़बड़ी सामने आई है तो जांच प्रतिवेदन सार्वजनिक किया जाना चाहिए, जिससे वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
डीईओ ने दावा किया कि कुछ ही दिनों में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। अब देखना होगा कि ₹4.51 करोड़ की खरीदी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों में कितनी सच्चाई है और जांच के बाद इस मामले में क्या तथ्य सामने आते हैं।
Author: Man Tantra 24









