Mantantra24

अवैध रेत उत्खनन का वीडियो बनाना युवक को पड़ा महंगा, मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अवैध रेत उत्खनन का वीडियो बनाना युवक को पड़ा महंगा, मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप

पुलिस पर भी गंभीर आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

एमसीबी/सुनील शर्मा। जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिछियाटोला में अवैध रेत उत्खनन का वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक ने आरोप लगाया है कि रेत उत्खनन का वीडियो रिकॉर्ड करते समय कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की, मोबाइल फोन छीन लिया और जान से मारने की धमकी दी। मामले में थाना पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने तथा सबूत मिटाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बिछियाटोला निवासी कमल नयन तिवारी (28 वर्ष) ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया है कि 29 मई की शाम वह गांव के समीप नदी किनारे टहलने गया था। इसी दौरान उसने नदी में बड़े पैमाने पर रेत उत्खनन होते देखा। आरोप है कि पोकलेन मशीनों की सहायता से ट्रैक्टर और हाईवा वाहनों में रेत भरी जा रही थी।

पीड़ित के अनुसार उसने इस गतिविधि का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करना शुरू किया। आरोप है कि वीडियो बनाते देख ग्राम पंचायत बिछियाटोला के उपसरपंच ऋषभ तिवारी, राकेश तिवारी, रिंकु तिवारी तथा ठेकेदार अभिषेक तिवारी मौके पर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। शिकायत में दावा किया गया है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसे घसीटते हुए पोकलेन मशीन के पास ले जाकर जान से मारने की धमकी दी। युवक का कहना है कि उसे जिंदा गाड़ देने तक की धमकी दी गई। इसी बीच गांव के एक अन्य व्यक्ति के पहुंचने पर वह किसी तरह वहां से बचकर निकल सका।

पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप

 

कमल नयन तिवारी ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद वह शिकायत दर्ज कराने थाना केल्हारी पहुंचा, लेकिन देर रात तक थाने में बैठाए रखने के बावजूद उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अगले दिन भी थाने पहुंचने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

 

शिकायतकर्ता का आरोप है कि थाने के एक मुंशी ने उसका मोबाइल लेकर घटना से जुड़े फोटो और वीडियो डिलीट कर दिए तथा बाद में समझौता करने का दबाव बनाया। उसने यह भी दावा किया है कि उसे शिकायत की पावती नहीं दी गई और उसकी बातों को शिकायत पत्र में सही तरीके से दर्ज नहीं किया गया।

 

जान को खतरा बताकर मांगी सुरक्षा

 

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, मोबाइल डेटा की जांच कराने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय को सौंपे गए आवेदन के बाद अब आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Man Tantra 24
Author: Man Tantra 24

Leave a Comment

और पढ़ें