उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले बैकुंठपुर के साहित्यकार संवर्त कुमार ‘रूप’, देवभूमि-छत्तीसगढ़ के बीच संवाद बढ़ाने पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री बोले— “मेरा बचपन मध्यप्रांत में बीता, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से आज भी आत्मीय जुड़ाव”
बैकुंठपुर/देहरादून/सुनील शर्मा। कोरिया जिले के बैकुंठपुर सहित पूरे सरगुजा संभाग के लिए गर्व का क्षण रहा, जब जिले के युवा साहित्यकार, समाजसेवी, वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक एवं जनहित संघ अंतर्गत पण्डो विकास समिति के केंद्रीय उपाध्यक्ष संवर्त कुमार ‘रूप’ ने देवभूमि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार मुलाकात कर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विकास संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा, पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर, प्रशासनिक व्यवस्था तथा प्रवासी नीति पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने निजी जीवन का उल्लेख करते हुए कहा, “मेरा बचपन मध्यप्रांत में बीता है। वहीं मेरी प्रारंभिक शिक्षा हुई, इसलिए छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से मेरा व्यक्तिगत एवं भावनात्मक जुड़ाव हमेशा बना रहा है।”
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक संवाद को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने आगामी हरिद्वार कुंभ में छत्तीसगढ़ की जनता तथा विशेष रूप से संवर्त कुमार ‘रूप’ को आमंत्रित करते हुए देवभूमि आने का निमंत्रण दिया।
‘हाउस ऑफ हिमालय’ उत्पाद और हिमालयी शॉल किया भेंट
मुलाकात के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संवर्त कुमार ‘रूप’ को उत्तराखंड की पहाड़ी किसान महिलाओं द्वारा तैयार किए गए ‘हाउस ऑफ हिमालय’ के विशेष उत्पाद एवं हिमालयी शॉल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान उत्तराखंड की स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल का भी प्रतीक माना जा रहा है।
यह मुलाकात केवल एक औपचारिक भेंट नहीं रही, बल्कि उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक संवाद, पारस्परिक सहयोग और सामाजिक समन्वय को नई दिशा देने वाला सकारात्मक प्रयास भी माना जा रहा है।
Author: Man Tantra 24









