कोरिया ‘कलेक्टर’ का सर्जिकल स्ट्राइक: ड्यूटी से गायब डॉक्टरों पर गिरेगी गाज, कलेक्टर ने साफ़ कहा— “लापरवाही पर अब सीधा सस्पेंशन!”
बैकुंठपुर/कोरिया | 25 मार्च, 2026 – जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में मची ‘मौज-मस्ती’ पर बुधवार सुबह कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने सर्जिकल स्ट्राइक कर दी। पोड़ी-बचरा और चिरमी स्वास्थ्य केंद्रों के औचक निरीक्षण में न केवल डॉक्टर और स्टाफ नदारद मिले, बल्कि अस्पतालों का हाल किसी ‘नर्क’ से कम नहीं था। कलेक्टर ने इस बदहाली पर सख्त रुख अख्तियार करते हुए सीएमएचओ (CMHO) की जवाबदेही तय की है और सभी दोषियों पर कड़ी दंडात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
ड्यूटी से ‘फरार’ डॉक्टरों की खुलेगी फाइल

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी-बचरा के बीएमओ डॉ. बृजेश साहू, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. रोहित शर्मा समेत फार्मासिस्ट और नेत्र सहायक अपनी कुर्सी से गायब मिले। वहीं चिरमी में डॉ. विक्रम निराला और स्टाफ नर्स ने भी ड्यूटी को ठेंगे पर रखा। कलेक्टर ने इन सभी को तत्काल शो-कॉज नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। साफ निर्देश है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर वेतन वृद्धि रोकने या निलंबन जैसी कठोर कार्यवाही की जाएगी।
वार्डों में नर्क जैसा मंजर, बेडशीट पर जमी थी गंदगी की परत
अस्पताल के भीतर का नजारा देखकर कलेक्टर का पारा चढ़ गया। गंदी बेडशीट, बदबूदार वार्ड और भोजन स्थल पर फैली गंदगी को देखकर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की जमकर क्लास ली। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि:
“अस्पताल मरीजों को जीवन देने के लिए हैं, उन्हें और बीमार करने के लिए नहीं। सफाई में रत्ती भर भी कमी अब बर्दाश्त नहीं होगी।”
CMHO पर गिरी गाज: अब हर लापरवाही की होगी सीधी सजा

कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. प्रशांत सिंह को दो-टूक कहा कि कागजों पर निरीक्षण बंद करें और जमीन पर उतरें। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिया कि जिले के हर स्वास्थ्य केंद्र की निगरानी की जिम्मेदारी अब सीएमएचओ की होगी। यदि सुधार नहीं हुआ, तो उच्च स्तर पर बड़ी कार्यवाही के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा।
योजनाओं का लाभ और सख्त चेतावनी

अव्यवस्थाओं के बीच कलेक्टर ने भर्ती महिलाओं से मुलाकात कर प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के तहत मिलने वाले ₹5,000 की जानकारी दी। उन्होंने अंत में सख्त लहजे में कहा कि डॉक्टरों और स्टाफ की मौजूदगी ही मरीजों की आधी परेशानी खत्म कर देती है, और जो डॉक्टर अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा सकते, उनके लिए विभाग में कोई जगह नहीं है
Author: mantantra24




