तेज रफ्तार का कहर: दो ट्रकों की भीषण टक्कर के बाद लगी आग, चालक जिंदा जला, एक गंभीर, देखें वीडियो

बलरामपुर/मन तंत्र/रामहरि गुप्ता। जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत महुली के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वाड्रफनगर–रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर क्लिंकर से लदे ट्रक और चावल से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई।

🔥 टक्कर के बाद ट्रक में लगी भीषण आग

जानकारी के अनुसार दोनों ट्रक तेज रफ्तार से विपरीत दिशा से आ रहे थे। महुली के पास पहुंचते ही किसी कारणवश दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्लिंकर से लदे ट्रक में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों में घिर गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और वह ट्रक के अंदर ही फंस गया। कुछ ही देर में ट्रक धू-धू कर जलने लगा और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

🚑 दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल

हादसे में चावल से लदे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे ट्रक से बाहर निकाला गया और तुरंत वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

🚒 दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं त्रिकुंडा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस द्वारा मृतक चालक के शव को ट्रक से बाहर निकालकर पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है।

🚧 सड़क पर लगा लंबा जाम

इस दर्दनाक हादसे के बाद वाड्रफनगर–रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी देर तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों तरफ भारी जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और धीरे-धीरे मार्ग को सुचारू कराया।

🔎 हादसे की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।

mantantra24
Author: mantantra24

Spread the love

यह भी पढ़ें

टॉप स्टोरीज