बसंतपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सोनी पर गंभीर आरोप, अनुमति होने के बावजूद ट्रैक्टर पर चालान का मामला
बलरामपुर/मन तंत्र/रामहरि गुप्ता। जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत बसंतपुर थाना क्षेत्र से पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि बसंतपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सोनी के इशारे पर अनुमति प्राप्त होने के बावजूद एक ट्रैक्टर को जबरन पकड़कर थाने ले जाया गया और बाद में उसका चालान कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार वर्तमान में गांवों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। आवास निर्माण के लिए रेता-बालू ढोने हेतु आवास हितग्राही ग्राम पंचायत में आवेदन देते हैं और पंचायत द्वारा इसे जनपद पंचायत को अनुमति के लिए भेजा जाता है। जनपद पंचायत से अनुमति मिलने के बाद ट्रैक्टर मालिक नदी से बालू-रेता लाकर हितग्राही के घर तक पहुंचाते हैं।
इसी क्रम में बसंतपुर निवासी कैलाश यादव, पिता स्व. जीतन यादव, दिनांक 4 मार्च 2026 को अपने ट्रैक्टर से आवास हितग्राही के लिए बालू-रेता लेकर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में थाना प्रभारी के कथित दलाल ने ट्रैक्टर को रोककर बसंतपुर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि कैलाश यादव ने बालू-रेता ढुलाई से संबंधित अनुमति आदेश भी पुलिस को दिखाया, इसके बावजूद पुलिस ट्रैक्टर को जबरन पकड़कर बसंतपुर थाने ले गई।
पीड़ित कैलाश यादव का आरोप है कि थाना प्रभारी के दलाल द्वारा उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। उन्होंने यह कहते हुए पैसे देने से मना कर दिया कि उनके पास वैध अनुमति पत्र है। इसके कुछ दिनों बाद थाना प्रभारी द्वारा ट्रैक्टर का चालान कर दिया गया, जिससे वह काफी परेशान हैं।
वहीं स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि बसंतपुर थाना क्षेत्र में कई ट्रैक्टरों से बिना अनुमति के बालू-रेता की ढुलाई खुलेआम की जा रही है, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में उच्च अधिकारी कोई जांच कराते हैं या नहीं, और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो क्या कार्रवाई होती है।
Author: mantantra24




