प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़े साल्ही में एक्सपायर दवाइयों का मिला जखीरा, जांच में उजागर हुई कई गंभीर अनियमितताएं
कोरिया। ग्राम पंचायत बड़े साल्ही के ग्रामीणों, सरपंच और उप सरपंच द्वारा की गई शिकायत पर कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) प्रशांत सिंह ने एक विशेष जांच टीम गठित कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़े साल्ही भेजा।

जांच टीम के निरीक्षण में शिकायतें संपूर्ण रूप से सही पाई गईं। टीम को केंद्र परिसर में दो पिकअप से अधिक मात्रा में एक्सपायर दवाइयां मिलीं, जिनकी अवधि वर्ष 2022 से 2025 के बीच की थी। इन दवाइयों की कीमत लाखों रुपये में आंकी गई है। इतने बड़े पैमाने पर एक्सपायर दवाइयों का भंडारण गंभीर लापरवाही का प्रमाण माना जा रहा है।

सिर्फ यही नहीं, जांच के दौरान कई अन्य गंभीर अनियमितताएं भी उजागर हुईं। केंद्र में दर्ज 10 स्टाफ में से केवल चार ही कर्मचारी मौके पर उपस्थित पाए गए, जबकि एक कर्मचारी ने अपनी अनुपस्थिति के बावजूद हाजिरी रजिस्टर में दो दिन की अतिरिक्त उपस्थिति दर्ज कर दी थी।

सबसे चिंताजनक बात यह रही कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी डिलीवरी नहीं हुई है, जबकि स्वास्थ्य विभाग के मानक अनुसार हर माह कम से कम 10 डिलीवरी होना आवश्यक है। डिलीवरी कक्ष धूल और गंदगी से भरा मिला, वहीं डस्टबिन में कई दिनों से पानी जमा था, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया था।
जांच टीम ने यह भी पाया कि पिछले कई दिनों से पूरे अस्पताल में बिजली आपूर्ति बंद है। बिजली नहीं होने के कारण अस्पताल के फ्रीजर में रखी महत्वपूर्ण जीवनरक्षक दवाइयां, विशेषकर एंटी वेनम (सांप के दंश से बचाने वाली दवा), खराब हो चुकी हैं। बरसात के मौसम में इस तरह की दवाओं का खराब होना ग्रामीणों के लिए जानलेवा स्थिति पैदा कर सकता है।
आम नागरिकों को दवाइयां बांटने वाला कक्ष भी अव्यवस्थित और अस्वच्छ स्थिति में मिला, जो स्वास्थ्य सेवाओं की दयनीय हालत को दर्शाता है।
कलेक्टर चंदन त्रिपाठी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रशांत सिंह की संवेदनशीलता और स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता के चलते यह बड़ी लापरवाही और गंभीर अनियमितता सामने आई है। दोनों अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन की इस तत्पर कार्रवाई के लिए आभार जताते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही दोषियों पर कार्यवाही होगी और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार आएगा।
Author: mantantra24





