
हाइलाइट्स
फरवरी और मार्च में उत्तरी दिल्ली में चेन स्नैचिंग की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं.
दिल्ली पुलिस ने तीन बाइक सवार स्नैचर को पकड़ा है.
आरोपी द्वारा पहने गए सफेद स्पोर्ट्स शूज से बदमाशों का पता लगाया गया.
नई दिल्ली: इस साल फरवरी और मार्च में उत्तरी दिल्ली में चेन स्नैचिंग की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. इस केस में दिल्ली पुलिस ने तीन बाइक सवार स्नैचर को पकड़ा है. इन बदमाशों ने राहगीरों के मन में खौफ पैदा करने का काम किया. पुलिस के मुताबिक ये फोन से लेकर सोने की चेन तक चुरा लेते थे. आरोपियों ने हेलमेट पहना था. सीसीटीवी फुटेज से भी कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था, लेकिन पुलिस ने इन बदमाशों को पकड़ने की कसम खाई थी, इसलिए आरोपी द्वारा पहने गए सफेद स्पोर्ट्स शूज से बदमाशों का पता लगाया और उन्हें धर दबोचा गया.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, डीसीपी सागर सिंह कलसी ने कहा कि इस तरह की कई घटनाएं सामने आने के बाद मामले दर्ज किए गए और अपराध पैटर्न का अध्ययन किया गया. सभी अधिकारियों को सादे कपड़ों में तैनात किया गया था. सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई थी, लेकिन उनका हेलमेट बार-बार उन्हें बचा लेता था. स्नैचर्स हिरंकी सीमा से बाहर निकल जाते थे, वे जिस भी गली में जाते वह मुख्य सड़क की ओर जाने वाली गलियां थीं.
स्पोर्ट्स शूज से कैसे पकड़े गए स्नैचर्स?
पुलिस सभी फुटेज देखती थी, लेकिन उनकी शक्ल नहीं देख पाती थी, लेकिन एक अधिकारी ने सभी फुटेज से एक चीज में समानता पाई. वह थे उसके जूते. एक आरोपी ने नीली धारियों वाले सफेद रंग के स्पोर्ट्स शूज पहने थे, जो सभी फुटेज में सामान्य था. बुराड़ी थाने के एसएचओ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एक पुलिस दल ने अंततः नरेला सीमा के पास बाइक का पता लगाया और एक संदिग्ध के मोबाइल नंबर को ट्रैक किया. 21 मार्च को, फोन को उज्जैन में ट्रैक किया गया. थोड़ी देर बाद, इसे उज्जैन से 70 किमी पर ट्रैक किया गया था, और टीम समझ गई कि आरोपी दिल्ली जा रहे थे. अधिकारियों की एक टीम ट्रेन में सवार हुई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी.
गिरफ्तार हुए स्नैचर्स
गहन तलाशी के बाद, पुलिस को उसी डिजाइन के जूते पहने हुए एक व्यक्ति मिला, जो फुटेज में कुछ महिला यात्रियों के बीच बैठे हुए देखा गया था. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. ट्रेन को फरीदाबाद में रोका गया, फिर अन्य दो व्यक्तियों को भी पकड़ लिया गया. सोने के गहने छीनने के छह मामलों और डकैती और हत्या के प्रयास से जुड़े कई अन्य मामलों में कथित रूप से शामिल आरोपियों की पहचान सुनील खत्री (35) सोनू (24) और प्रदीप (25) के रूप में हुई.
बार-बार जूता बदलना आम बात नहीं- पुलिस
2021 में लिबासपुर से कथित रूप से चोरी हुई बाइक को भी एक आरोपी के घर से बरामद किया गया था. एक अधिकारी ने कहा, ‘प्रत्येक स्नैचिंग को अंजाम देने के बाद, आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए अपने कपड़े बदलते रहे. वे हमेशा हेलमेट पहनते थे. हालांकि, बार-बार जूते बदलना आम बात नहीं है और पुलिस ने अपने फायदे के लिए इसका इस्तेमाल किया.’
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Arrested, Delhi police
FIRST PUBLISHED : April 27, 2023, 09:54 IST
Author: mantantra24





